रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत लगातार बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया जा रहा है। इसी कड़ी में समाज कल्याण विभाग द्वारा 27 नवंबर को नारायणपुर, कोंडागांव एवं कांकेर जिले के 800 यात्रियों को गुवाहाटी असम के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शनों के लिए रवाना किया गया। समाज कल्याण विभाग के संचालक रोक्तिमा यादव ने रायपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 27 नवंबर को नारायणपुर, कोंडागांव एवं कांकेर जिले के बुजुर्ग यात्रियों को तीर्थ दर्शन का मौका मिला। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 27 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक की इस यात्रा में असम के गुवाहाटी का सुप्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर, नवगृह मंदिर, वशिष्ट मुनि आश्रम, उमानंद मंदिर, शिवजी का मंदिर, शंकर देव कला क्षेत्र आदि का भ्रमण कराया जाएगा।
रायपुर रेलवे स्टेशन से समाज कल्याण विभाग के संचालक रोक्तिमा यादव ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से कुल 800 यात्री रवाना हुए। इसमें नारायणपुर से 110, कोण्डागांव से 260 व कांकेर से 410 यात्री तथा 20 सहयोगी यात्री शामिल हैं। इस अवसर पर समाज कल्याण के उप संचालक भूपेंद्र पाण्डे, सहायक संचालक कमल भदौरिया, उप संचालक क्षमा शर्मा, मुकेश कुमार दिवाकर व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




