बलरामपुर रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर रामानुजगंज जिले में 7 साल के छात्र की क्रूरता से पिटाई का मामला सामने आया है। गलत गिनती के लिए शिक्षक ने छात्र की पिटाई की जिससे उसकी आंख में खून उतर आया। मामले ने तूल पकड़ा और थाने व बीएलओ तक बात पहुंची। अब इस मामले में पुलिस व जिला शिक्षा विभाग द्वारा जांच की जा रही है।

मामलारामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पलगी में प्राथमिक शाला जावाखाड़ी का है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। भोजन अवकाश के बाद कक्षा में पहुंचे शिक्षक ने बच्चे से गिनती सुनाने को कहा। गिनती सुनाने में छात्र से गलती हुई तो शिक्षक ने उसके दोनों गालों पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। बच्चा जब डर के कारण सिर झुकाने लगा तो शिक्षक और अधिक नाराज़ हुए और लगातार पिटाई करते रहे।
छात्र की पिटाई की जानकारी जब परिजनों को लगी तो उसके पिता धनंजय यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक घटना के समय नशे में थे और अक्सर नशे की हालत में ही स्कूल आते हैं। घर पहुंचकर भागीरथी ने रोते हुए पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन त्रिकुंडा थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने बताया कि वह इसकी जांच करवा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने कहा कि दोषी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिली है और मामले में उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले की पुलिस व शिक्षा विभाग घटना की जांच में जुट गए हैं।




