रांची (एजेंसी)। झारखंड के देवघर में त्रिकूट पर्वत रोप वे हादसे का आज तीसरा दिन है। बताया जा रहा है कि, 2500 फीट की ऊंचाई पर अब सिर्फ एक ट्राली फंसी हुई है। इस ट्राली में दो लोग अभी भी हैं, जो पिछले 40 घंटे से ज्यादा समय से यहां फंसे हुए हैं। वहीं वायु सेना ने तीसरे दिन 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है।
हाईकोर्ट ने दिए जांच के आदेश
देवघर रोपवे हादसे को झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। कोर्ट ने इस मामले में जांच के भी आदेश जारी किए हैं। 26 अप्रैल को इस मामले की सुनवाई होगी। इससे पहले राज्य सरकार को विस्तृत जांच रिपोर्ट कोर्ट के सामने पेश करनी होगी।

दोपहर तक पूरा हो सकता है बचाव अभियान
देवघर रोपवे हादसे में बचाव अभियान के इंचार्ज अश्विनी नायर ने बताया कि, हम लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं। अब कुछ ही लोग ऊपर रह गए हैं। उन्होंने बताया कि, उम्मीद है कि दोपहर तक सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।

कल 33 लोगों की बचाई थी जान
सेना, वायु सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ के द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान में सोमवार को करीब 33 लोगों को बचाया जा सका था। इसे रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना के दो हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। हालांकि, सोमवार देर रात अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया था। इस कारण लोगों के पास खाने-पानी का सामान पहुंचाना भी मुश्किल हो गया था, जिसके चलते ऊपर फंसे लोग रातभर भूखे-प्यासे ही रहे। पहाड़ी पर फंसे लोगों में महिलाएं व छोटे बच्चे भी हैं।
तीन लोगों की हो चुकी है मौत
रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। देवघर प्रशासन ने सोमवार को एक महिला की मौत की पुष्टी की थी। वहीं शाम को हेलीकॉप्टर से फिसल जाने के कारण एक व्यक्ति डेढ़ हजार फीट नीचे खाईं में गिर गया था। इसके अलावा भी एक मौत की बात सामने आ रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। हादसे में 12 लोग घायल हैं।