नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देश में रिकॉर्ड रफ्तार से टीकाकरण चल रहा है और दोपहर डेढ़ बजे तक 1 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना से सुरक्षित करने वाला टीका लगाया जा चुका है। मान जा रहा है कि आज शाम तक एक दिन में 2 करोड़ से अधिक लोगों को खुराक मिल सकती है। एक महीने के भीतर यह चौथा मौका है जब एक दिन में 1 करोड़ से अधिक टीके लगे हैं।

एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने ट्विटर पर बताया है कि पीएम मोदी के बर्थडे पर प्रति मिनट 42 हजार या फिर प्रति सेकेंड 700 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि इस रफ्तार से 2.5 करोड़ टीके आज लगाए जा सकते हैं। सरकार ने पीएम मोदी के 71वें जन्मदिन पर 2 करोड़ टीके का लक्ष्य रखते हुए कोविड पोर्टल पर एक रियल टाइम ट्रैकर भी लगाया है, जो हर पल अपडेट हो रहा है। 2:50 बजे तक 1 करोड़ 35 लाख लोगों को टीका मिल चुका है।
Celebrating the relentless efforts of India’s vaccinators against COVID-19, we have added a ticker to show vaccinations happening in near real-time. We are currently clocking over 42,000 vaccinations/minute or 700/second. Check new feature – https://t.co/YhG7gjKdEm #VaccineSeva pic.twitter.com/0nKWiqeZxd
— Dr. RS Sharma (@rssharma3) September 17, 2021
नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के प्रमुख आरएस शर्मा ने ट्विटर पर रियल टाइम ट्रैकर शेयर करते हुए लिखा, ‘कोविड-19 के खिलाफ भारत के टीके लगाने वालों के अथक प्रयासों का जश्न। हमने रियल टाइम में हो रहे टीकाकरण को दिखाने के लिए एक ट्रैकर लगाया है। इस समय हमारी स्पीड प्रति मिनट 42 हजार या 700 प्रति सेकेंड है।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पीएम मोदी के बर्थडे सेलिब्रेशन की जो रूपरेखा तैयार की है, उसमें टीकाकरण सबसे अहम है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘आए वैक्सीनसेवा करें और जिन्होंने अब तक खुराक नहीं ली है उनका टीकाकरण करवाकर उन्हें (पीएम मोदी) को बर्थडे गिफ्ट दें। लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीजेपी ने हेल्थ वॉलेंटियर्स तैयार किए हैं ताकि अधिकतम लोगों को आज टीका लगे।




