भिलाई। छत्तीसगढ़ में जारी सियासी घमासान के बीच शुक्रवार को दिल्ली में सीएम भूपेश बघेल की बैठक राहुल गांधी के साथ बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद बाहर निकले भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि राहुल गांधी के साथ बैठक में हमने अपनी बात रखी। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को उनके सामने रखा। हमने राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ आने के न्योता दिया है। उन्होंने अगले सप्ताह आने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही अब तक प्रदेश में ढाई साल के सीएम पर सस्पेंस बरकरार है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान शुक्रवार को दिनभर दिल्ली में गहमा गहमी का माहौल रहा। तीन दिन पहले सीएम भूपेश बघेल को दिल्ली से राहुल गांधी का बुलावा आया तो इसकी अटकले तेज हो गई। हालांकि दिल्ली से लौटने के बाद सीएम बघेल ने ऐसी किसी भी बात से इंकार किया। गुरुवार को अचानक छत्तीसगढ़ के नेताओं का दिल्ली जाने का सिलसिला शुरू हुआ। यही नहीं शुक्रवार को सीएम भूपेश भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल का बुलावा आने से जा रहे हैं। इसके बाद ही सीएम बदले जाने की चर्चा तेज हो गई।
पांच घंटे से अधिक चली बैठक
दिल्ली में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बैठक हुई जिसमें सीएम बघेल व टीएस सिंहदेव सहित प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया मौजूद रहे। बैठक के दौरान बीच में प्रियंका गांधी चली गई इसके बाद भी बैठक जारी रही। सीएम बदलने की चर्चा के बीच राज्य के 40 से ज्यादा विधायक दिल्ली पहुंच गए। बताया जाता है कि विधायकों ने बघेल के समर्थन में अपना एक पत्र कांग्रेस के राज्य प्रभारी पीएल पुनिया को सौंपा है। दोपहर को सभी विधायक प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के दिल्ली के घर पहुंच गए थे। यहां भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत कई अन्य विधायक प्रभारी पीएल पुनिया के निवास पर जमीन पर बैठ गए। यहां उन्होंने अपनी बात रखी।




