आगरा (एजेंसी)। ताजमहल में गुरुवार को बम होने की सूचना वाले फोन से हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम पर सुबह 10:00 बजे पुलिस को एक व्यक्ति ने ताज महल के अंदर बम रखे होने की सूचना दी। पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ पहुंच गए। बीडीएस की दो टीमों को बुला लिया गया है। सीआईएसएफ कमांडेंट को भी जानकारी दी गई है। ताज महल के अंदर मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान चेकिंग भी की गई और करीब 1 घंटे तक ताजमहल के चप्पे-चप्पे में तलाशी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी व्यक्ति ने फर्जी सूचना दी थी। इसके बाद चेकिंग कराई गई। लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला है। सूचना देने वाले की पहचान हो गई है। फिरोजाबाद के युवक ने कॉल किया था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि गुरुवार को भी ताजमहल को सूर्योदय के समय खोला गया था। पर्यटक सुबह के समय ताजमहल की खूबसूरती को निहारने के लिए आ रहे थे। लेकिन कुछ ही देर में अचानक ताजमहल में सीआईएसएफ के जवान और पुलिस के जवान पहुंच गए। बड़ी संख्या में पुलिसबल की हलचल से ताजमहल के अंदर मौजूद सैलानियों में खलबली मच गई। वहीं जवानों ने ताजमहल में मौजूद सभी पर्यटकों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। चंद मिनटों में समूचे ताजमहल परिसर को खाली करा लिया गया। सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन कहीं कोई बम नहीं मिला। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ताजमहल को फिर से 11: 23 बजे खोल दिया गया। बम होने की फर्जी सूचना देने वाले की पहचान फिरोजाबाद जनपद में हुई है।





