मध्यप्रदेश/छतरपुर(एजेंसी)। घर में शादी की खुशियां फैली हो और घर में रौनक लगी है, उसी दौरान अगर कोई अप्रिय घटना घट जाए तो पूरा वातावरण गमगीन एवं शोकाकुल हो जाता है। ऐसी घटना मध्यप्रदेश के छतरपुर में सामने आई है। जहां बरात लेकर चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया। जिसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय निवासी एवं रिश्तेदारों ने काफी मशक्कत की। मध्यप्रदेश में कार में सवार 9 लोग कुएं में जा गिरे जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। ऐसा बताया गया है कि गाड़ी में सवार लोग एक शादी में से लौट रहे थे जब ये हादसा हुआ।

महाराजपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी जेड वाई खान ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, एक गाड़ी में सवार 9 लोग शादी की पार्टी के लिए लेकर जा रही थी, जो कल रात एक कुएं में गिर गई जिसमें से 6 लोग मारे गए। जानकारी के अनुसार, महोबा जिले के स्वासा माफ गांव से लखन अहिरवार के पुत्र मनोज अहिरवार की बरात मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर थाने के दीवान जी के पुरवा गांव में गई थी।
जनवासे के पास कुआं था। गांव के ही छत्रपाल सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह अपनी कार लेकर बरात में गया था। इसमें लगभग नौ बराती सवार थे। रात को बैक करते समय गाड़ी पास में ही स्थित खुले कुएं में गिर गई।
इसमें चालक समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन बरातियों को कुएं से पुलिस ने निकाल लिया। मृतकों में घनश्याम अहिरवार (50) पुत्र परमलाल, राम रतन अहिरवार (35) पुत्र आमना, कुलदीप (22) पुत्र हरप्रसाद, राजू कुशवाहा (30) पुत्र भैयालाल, छत्रपाल सिह (35) निवासी स्वासा माफ थाना चरखारी और रामाधीन निवासी पनवाड़ी शामिल हैं।
घायलों में तेजराम (28) पुत्र कमल अहिरवार, चेतराम (20) पुत्र मथुरा अहिरवार, लक्ष्मण (17) राम रतन शामिल हैं। इन्हें पुलिस ने सकुशल निकाल लिया है।




