बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान की जोड़ी वैसे तो हर अभिनेत्री के साथ खूब जमती है। लेकिन कुछ अभिनेत्रियां ऐसी भी हैं जिनके साथ शाहरुख की जोड़ी ‘मेड फॉर ईच अदर’ नजर आती है। सबसे ज्यादा दर्शकों को शाहरुख के साथ काजोल ही जमती हैं। काजोल के बाद यदि किसी की बात की जाए तो वो नाम आता है अभिनेत्री जूही चावला का।
शाहरुख खान और जूही चावला ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। इन दोनों की जोड़ी को खूब पसंद भी किया गया। दोनों ने साथ में फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ की थी। इस फिल्म को दर्शकों ने भी खूब प्यार दिया था। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद शाहरुख खान नहीं थे। जी हां! इस फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद आमिर खान थे।
जूही चावला और आमिर खान की जोड़ी फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ में नजर आ चुकी थी। ये जोड़ी दर्शकों के सामने काफी हिट भी थी। इसलिए मेकर्स ने भी फैसला किया था कि ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ में आमिर खान और जूही चावला को कास्ट किया जाएगा। लेकिन किन्ही कारणों से ये संभव नहीं हो पाया। फिर ये फिल्म शाहरुख खान के खाते में चली गई। ये फिल्म जूही और शाहरुख की साथ में पहली फिल्म थी जिसे खूब सराहा गया।
इस फिल्म के दौरान जूही चावला खुद को बॉलीवुड में स्थापित कर चुकी थीं लेकिन शाहरुख इंडस्ट्री में नए थे। जूही चावला ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान शाहरुख से पहली मुलाकात का किस्सा साझा किया था। जूही ने बताया था कि उन्हें कहा गया था कि आमिर खान जैसे दिखने वाले अभिनेता के साथ उन्हें फिल्म में साइन किया गया है। लेकिन जब जूही ने शाहरुख को देखा तो वो हैरान रह गईं। क्योंकि शाहरुख बिल्कुल भी आमिर खान जैसे नहीं थे। सेट पर शूटिंग के दौरान धीरे- धीरे जब दोनों की बातचीत शुरू हुई तो जूही भी शाहरुख के साथ काफी कंफर्टेबल हो गईं।
इसके बाद शाहरुख और जूही एक दूसरे के अच्छा दोस्त बन गए। दोनों आज भी एक अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं। इसके बाद दोनों ने कई फिल्मों में भी साथ काम किया। इनकी पहली ही फिल्म से ये जोड़ी हिट हो गई और आगे चलकर इन दोनों ने ‘डर’, ‘डुप्लीकेट, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘वन टू का फोर’ और ‘भूतनाथ’ फिल्मों में काम किया।




