बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले अभिनेता धर्मेंद्र आज अपना 85वां जन्मदिन मना रहे हैं। धर्मेंद्र भले ही 85 साल के हो गए हों लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग आज भी वैसी ही बरकरार है जैसी उनके जवानी के दिनों में हुआ करती थी। धर्मेंद्र के जन्मदिन पर उनके फैंस और दोस्तों की बधाइयों का तांता लगा हुआ है। ऐसे में धर्मेंद्र की पत्नी और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जोड़ी को खूब पसंद किया जाता है। दोनों की जोड़ी को फिल्मों से इतर असल जिंदगी में भी पसंद किया जाता है। हेमा मालिनी अपने जमाने की ड्रीम गर्ल हैं तो धर्मेंद्र के हैंडसम लुक्स पर आज भी लड़कियां फिदा रहती हैं। हेमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से धर्मेंद्र के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
हेमा ने अपने आधिकारिक ट्विटर एकाउंट के जरिए धर्मेंद्र के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की है। ये ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर काफी पुरानी नजर आ रही है। तस्वीर के साथ हेमा ने बेहद प्यारा मैसेज भी लिखा है। हेमा ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आज हम, धरम जी का जन्मदिन मना रहे हैं। यह आप सब फैंस का प्यार और दुलार है, जो आज भी हमारी फिल्में देखते और सराहते हैं और हम आपकी यादों में बने रहते हैं। यही वो बात है, जो हमें काम करने के लिए प्रेरित करती है और अंत तक इस साथ के लिए हमें आपकी दुआओं की दरकार है। प्यार के लिए शुक्रिया।’
हेमा मालिनी का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। दोनों के फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं और कमेंट कर धर्मेंद्र को बधाई दे रहे हैं। बता दें कि हेमा मालिनी धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी हैं। फिल्मों में आने से पहले ही धर्मेंद्र शादी शुदा थे। लेकिन उन्हें अपनी को-स्टार और सिनेमा की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी से प्यार हो गया।
धर्मेंद्र हेमा से शादी तो करना चाहते थे लेकिन वो अपने पहले परिवार को भी छोड़ना नहीं चाहते थे। ऐसे में उन्होंने इसके लिए एक रास्ता अपनाया। धर्मेंद्र ने हेमा से शादी करने के लिए अपना धर्म परिवर्तन किया और उसके बाद शादी की। हेमा से शादी करने के दौरान धर्मेंद्र के दो बेटे सनी देओल- बॉबी देओल थे और दो बेटियां विजेता- अजीता थीं। बाद में और हेमा मालिनी ने भी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल को जन्म दिया। धर्मेंद्र के दोनों परिवार आज भी खुशी- खुशी रहते हैं।




