भिलाई। दीपावली की रात राधिका नगर स्थित तीन मंजिला मेडिकल स्टोर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मेडिकल स्टोर के अंदर से धुंआ उठता देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को कॉल किया। मौके पर पहुंची दमकल के जवानों के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आगजनी से मेडिकल स्टोर्स में रखी सारी दवाइंया व अन्य वस्तुएं जल गई है। दुकान संचालक ने लगभग 8 लाख की दवाओं के जलने का अंदेशा लगाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक राधिका नगर सुपेला स्थित गणेश मेडिकल स्टोर में आग लग गई। दीपावली की रात को दुकान संचालक ने पूजा करने के बाद दुकान बंद की और चला गया। इसके कुछ देर बाद दुकान के भीतर से धुआं उठना शुरू हो गया। आसपास के लोगों ने देखा और दुकान संचालक को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को भी कॉल किया गया। बताया जा रहा है कि दमकल वाहनों को पहुंचने में काफी देर लगी। इसके पीछे दीपावली की छुट्टी को कारण बताया जा रहा है। मौके पर दो दमकल वाहन पहुंचे और आते ही मोर्चा संभाल लिया। अंदर की आग के कारण दुकान का शटर काफी गर्म हो गया था। शटर खोलने के प्रयास में एक दमकल कर्मी का हाथ झुलस गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की घटना को काबू करने में दमकल कर्मियों एफ प्रवीण बारा, शरद मेश्राम, महेंद्र चंदेल, फायरमैन अशोक सिंह, मोहन राव, नागेस्वर,पराग, डालाराम साहू, योगेस्वर, राजू का अहम योगदान रहा है।
दीपावली की रात तीन मंजिला मेडिकल स्टोर में लगी आग…. कड़ी मशक्कत कर दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू





