भिलाई। देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण अपने चरम पर है। भारत में शनिवार सुबह तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया। वहीं छत्तीसगढ़ में एक हजार से ज्यादा मौतें कोरोना से हुई। देश में जहां कुल मौतों का आंकड़ा 100842 तक पहुंचा, वहीं छत्तीसगढ़ में यह संख्या 1002 है। भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 79,476 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इस दौरान वायरस से होने वाली मौतों की संख्या 1,069 रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में कुल 2637 नए मामले सामने आए हैं और 2586 लोग डिस्चार्ज हुए और 5 कोरोना संक्रमित की मौत हो गई।

अब तक देश में इस वायरस से 64,73,545 लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में सक्रिय मामलों की संख्या 9,44,996 है। वहीं, 54,27,707 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों से नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल 1 लाख 18 हजार 790 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 88 हजार 95 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं और 1002 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 29 हजार 693 मरीजों का उपचार जारी है।
सात माह पहले आया था पहला, आज भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर
भारत में सात महीने पहले कोरोना का पहला केस सामने आया था। वर्तमान स्थिति में भारत दुनिया में संक्रमित मरीजों की संख्या के लिहाज से दूसरे स्थान पर है। कोरोना मृतकों की संख्या को एक लाख पार करने वाला भारत तीसरा देश बन गया है। भारत से आगे अमेरिका (2,12,000 मौतें) और ब्राजील (1,44,000 मौतें) हैं। हालांकि इन देशों के मुकाबले भारत में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर काफी कम है। भारत में वायरस मामला मृत्यु दर (सीएफआर) 1.56 फीसदी है, जो वैश्विक औसत 2.98 फीसदी की तुलना में आधा है। वहीं अमेरिका में 2.84 फीसदी और ब्राजील 2.99 फीसदी की तुलना में बेहतर है। सितंबर के पहले सप्ताह के बाद से भारत में हर रोज कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या दुनियाभर में सबसे अधिक रही। पिछले कुछ सप्ताह में औसतन 1,065 लोगों ने कोरोना के चलते भारत में अपनी जान गंवाई। वहीं, इस दौरान अमेरिका में यह संख्या 755 और ब्राजील में 713 रही।
छत्तीसगढ़ में जिलेवार मरीजों की संख्या
छत्तीसगढ़ के जिलेवार मरीजों की संख्या में राजधानी रायपुर से सर्वाधिक 395, दुर्ग से 362, रायगढ़ से 218, जांजगीर से 200, कोरबा से 179, बिलासपुर से 158, राजनांदगांव से 152, बलौदाबाजार से 117, दंतेवाड़ा से 90, बस्तर से 83, बालोद से 81, महामसुंद से 59, बीजापुर से 55, गरियाबंद से 52, सरगुजा से 52, सूरजपुर से 50, सुकमा से 46, कवर्धा से 43, कोंडागांव से 43, मुंगेली से 37, धमतरी से 36, कोरिया से 35, कांकेर से 27, नारायणपुर से 19, बेमेतरा से 19, बलरामपुर से 14, जशपुर से 8 और अन्य राज्य से 2 मरीज शामिल हैं।




