चंडीगढ़ (एजेंसी)। केंद्र सरकार के कृषि अध्यादेशों के खिलाफ आंदोलन पर उतरी किसान जत्थेबंदियों का रेल रोको आंदोलन आज से शुरू हो गया है। गृह विभाग की ओर से जिला उपायुक्तों को जारी हिदायतों के तहत, 24 से 26 सितंबर तक 48 घंटे के बंद और रेल रोको आंदोलन के दौरान अलर्ट रहने को कहा गया है। हिदायत दी गई है कि किसानों के प्रति नरम रवैया अपनाया जाए और उन पर कोई सख्त जबरदस्ती न की जाए। इसके साथ ही एंबुलेंस सेवा, सिविल सर्जनों, डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को भी तैयार रखने को कहा गया है ताकि प्रदर्शनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना में घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा सके।

जानकारी के मुताबिक किसान फिरोजपुर, अमृतसर, जालंधर, पठानकोट रेलवे स्टेशनों के पास ट्रेनें रोकेंगे। इसके अलावा सड़क यातायात भी ठप किया है, कई जगहों पर धरना और जाम लगाकर पंजाब को पूरी तरह बंद रखने की योजना है। मंडल रेल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने बताया कि पंजाब के किसानों ने 24 से 26 सितंबर के बीच ट्रेनें रोकने का एलान किया है। इस संबंधी बुधवार को रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर में बैठक की गई। इसमें डीसी फिरोजपुर गुरपाल सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजपुर भूपिंदर सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुखविंदर सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में रेल एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि फिरोजपुर मंडल से चलने वाली सभी स्पेशल यात्री रेलगाडिय़ों का संचालन 24 सितंबर सुबह 6 बजे से रद्द किया जाए।




