अंबिकापुर से रायपुर के लिए निकली थी बस, सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे नंबर 130 पर बलौदाबाजार के दरचुरा गांव के पास तेज रफ्तार बस सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं लगभग 10 यात्री हादसे में घायल हैं। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 04 एनएम 0859 अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी। सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे बलौदा बाजार जिले के ग्राम दरचुरा से ठीक पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। दुर्घटना के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे के समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और बचाव दल की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टक्कर के कारण बस का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था, जिससे यात्री अंदर ही फंस गए थे। बचाव दल ने फंसे हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत गैस कटर का प्रयोग किया। बस की चादर को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों में 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




