छत्तीसगढ़ योग आयोग की छठी साधारण सभा की बैठक संपन्न
रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग की छठी साधारण सभा की बैठक मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ योग आयोग के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने योग को बढ़ावा देने योग की गतिविधियों को जन जन तक पहुंचाने की बात कही।
बैठक में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा छत्तीसगढ़ योग आयोग एवं आयुष संचालनालय के संयुक्त प्रयास से राज्य में योग के प्रचार-प्रसार एवं जनस्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित विभिन्न विषयों पर शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वित्त विभाग से समन्वय कर योग संबंधी महत्वपूर्ण प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार किये जाने का निर्देश दिया गया। योग गतिविधियों को प्रदेश के नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से योग को बढ़ावा देने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने योग आयोग की गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने आयोग द्वारा योग को बढ़ावा प्रदेश भर में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों से भी अवगत कराया। बैठक में बैठक के माध्यम से प्रदेश में योग के विस्तार एवं नियमित योगाभ्यास को प्रोत्साहित करने की दिशा में आयोग की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सचिव अमित कटारिया, संचालक चिकित्सा शिक्षा आयुष संचालनालय राजेन्द्र कटारा, राकेश दूबे, सुनील कुमार दास, संगीता सिंह, डॉ. नीता वाजपेयी, हिमांशु साहू तथा एसईसीएल के जीएम वेलफेयर बीसी सेट्ठी (विशेष आमंत्रित) सहित संबंधित सदस्यगण उपस्थित रहे।



