पटना। सम्राट चौधरी बिहार 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बिहार की नई सरकार में जदयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली। दोनों को डिप्टी सीएम बनाया गया है। नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में मौजूद थे। सम्राट चौधरी को पीएम मोदी, अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित दिग्गज नेताओं ने बधाई दी।

सम्राट चौधरी ने सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की थी। शपथ से पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सरकार में बदलाव सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद हुआ। वे अब राज्यसभा सदस्य हैं। वे 20 साल बिहार के सीएम रहे। सीएम सम्राट चौधरी बधाई देते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
विष्णुदेव साय ने दी बधाई
सम्राट चौधरी के बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके कुशल नेतृत्व में बिहार सुशासन, विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। आपका समृद्ध राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति आपका समर्पण प्रदेश के विकास को नई गति और दिशा प्रदान करेगा तथा ‘विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी जी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव जी को बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि जनसेवा के क्षेत्र में आपके समृद्ध अनुभव और सहयोग से सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार की नई एनडीए सरकार राज्य की विकास यात्रा को और गति प्रदान करेगी।




