भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में दुर्ग पुलिस ने हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के आरोपियों के पास से 2 किग्रा सामान्य गांजा और 2.3 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा, नगदी समेत अन्य सामग्री बरामद की है। प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना भिलाई नगर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बोरसी रोड स्थित बीज विकास निगम के पास, रुआबांधा भिलाई क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री कर रहे हैं तथा नशा सेवन हेतु सामग्री भी उपलब्ध करा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सामान्य गांजा के साथ-साथ हाइड्रोपोनिक विधि से उगाया गया उच्च गुणवत्ता का गांजा (Hydroponic Weed) बरामद किया गया, जो सामान्य गांजा की तुलना में अधिक प्रभावी एवं महंगा होता है तथा विशेष रूप से नशे के लिए उपयोग में लाया जाता है। मामले में धारा 20(ख), 27(ए), 29 NDPS Act के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों में विक्रम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी मोंगरा 101 फेस बी, तालपुरी, भिलाई व यश विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी एमआईजी 1/982, हुडको, भिलाई शामिल हैं। उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर पुलिस स्टाफ की सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशा एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध नशा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जब्त सामग्री
- लगभग 02 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹1,00,000/-)
- 2.3 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (अनुमानित कीमत ₹10,000/-)
- चिलम, रोलिंग पेपर (गोगो पेपर), लाईटर
- सिगरेट एवं बीड़ी
- 01 नग मोबाइल फोन कीमती 25,000
- नगदी रकम 40,000




