भिलाई। दुर्ग पुलिस विभाग के आरक्षक की मंगलवार शाम को हादसे में मौत हो गई। आरक्षक 15 दिन की छुट्टी से लौटा था और ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था। बस स्टैंड पर बस से उतरने के दौरान पैर फिसला और आंख के पास चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार महिला थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (61) 15 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे। त्रिलोक सिंह छुट्टी पर अपने गृहग्राम बालाघाट गए हुए थे। मंगलवार को वे अपनी बेटी के साथ लौटे। दुर्ग बस स्टैंड पर उतरने के दौरान उनका पैर फिसला और वे मुंह के बल गिर गए। इससे उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई और वे बेहोस हो गए। उनकी बेटी और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह को मृत घोषित कर दिया।




