कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पांच साल पहले लापता हुई न्यूज एंकर सलमा की मिस्ट्री पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के लिए सलमा की मिस्ट्री सुलझाना पुलिस के लिए काफी मुश्किल भरा रहा। दरअसल सलमा की हत्या उसके प्रेमी ने की थी और अपने दो सहयोगियों के साथ शव को दफना दिया था। जहां उसके शव को दफनाया गया वहां पर सड़क बन गई और सलमा का कुछ पता नहीं चला। पांच साल बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रेमी जिम ट्रेनर मधुर साहू व उसके दो साथियों कौशल श्रीवास व अतुल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

बता दें 25 साल की सलमा सुल्ताना कुसमुंडा के एसईसीएल कॉलोनी में रहती थी। 2018 में वह अचानक लापता हो गई। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। साल भर बात उसके पिता की मौत हुई तो तब भी वह घर नहीं पहुंची। युवती की स्कूटी स्टेशन पर मिली थी, वहीं उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। परिजनों ने सलमा की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करा रखी थी। सलमा की तलाश में पुलिस ने काफी पापड़ बेले लेकिन कुछ भी पता नहीं चला।
पुलिस ने बताया कैसे हुआ राजफाश
लंबे समय तक पुलिस इस मामले में कुछ कर नहीं पाई तो आरोपी ओवर कॉन्फिडेंस में आ गए। मधुर शर्मा के एक राजदार ने नशे में मर्डर की बात उगल दी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। इस बीच पुलिस ने सलमा के बैंक डिटेल देखे जिसमें लोन की ईएमआई बराबर पट रही थी। सलमा के लोन का इएमआई गंगाश्री जिम का मालिक और इंस्ट्रक्टर मधुर साहू भर रहा था। पुलिस ने जांच तेज की तो मधुर साहू फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मधुर साहू के परिचितों से बयान लिया तो पता चला कि 21 अक्टूबर 2018 एलजी 17 शारदा विहार में मधुर साहू और कौशल श्रीवास के द्वारा सलमा सुल्ताना की गला घोंटकर हत्या करने का पता चला। लाश को अतुल शर्मा की मदद से भवानी मंदिर के सामने कोहडिया पुल के आसपास दफनाया गया है।
इसके बाद पुलिस ने कोहड़िया मार्ग पर फोरलेन के आसपास खुदाई शुरू की थी लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस ने सैटेलाइट इमेज, स्क्रीनिंग मशीन, थर्मल इमेजिंग और ग्राउंड पेनेट्रेशन रडार मशीन का सहारा लिया। जहां शव दफनाया गया वहां हाईवे बन चुका है। पुलिस ने सोमवार को इस मामले आरोपी मधुर साहू, कौशल श्रीवास और अतुल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
चरित्र शंका में की थी हत्या
इधर पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मधुर साहू ने बताया कि उसने सलमा की हत्या चरित्र शंका में की थी। उसे शक था कि सलमा का किसी और के साथ भी संबंध है। यहीं नहीं दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से हार्ड डिस्क और लैपटॉप जब्त किया है। पुलिस के हाथ कुछ ऑडियो क्लिप भी लगे हैं। शव को जिस वाहन से ले जाकर दफन किया गया उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस के सामने अब भी सलमा के शव को बरामद करने की चुनौती है। कोर्ट के आदेश के बाद खुदाई के बाद शव को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।




