कांकेर Kanker. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कांकेर जिले के नरहरपुर मंडल के कई पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में नरहरपुर मंडल में उपाध्यक्ष से लेकर मंत्री, मीडिया प्रभारी आदि ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण साव को भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश लाटिया ने नरहरपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश नागदौन को बिना मीटिंग कर हटा दिया। इस वजह से बाकी पदाधिकारियों में नाराजगी है। पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे में इसका जिक्र भी किया है। इस्तीफा देने वालों ने लिखा कि भाजपा मंडल नरहरपुर में हम सभी अपने पदों पर रहकर अपने-अपने कार्यों का सकुशल निर्वहन कर रहे थे। मंडल अध्यक्ष दिनेश नागदौने को अचानक पद से हटाकर किसी अन्य को अध्यक्ष बनाना समझ से परे है। इसके लिए प्रतिनिधियों की बैठक तक नहीं की गई है और निर्णय ले लिया गया है।
