चेन्नई। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टनापट्टी इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में लगभग 16 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक स्रीनाथ के अनुसार, वणजा फायरक्रैकर फैक्ट्री में यह धमाका उस समय हुआ जब करीब 30 कर्मचारी काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री के कई कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव दल ने मलबे से शवों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।




