दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों का उत्पात जारी है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले नक्सलियों ने यहां रेलवे दोहरीकरण कार्य में लगे पोकलेन व दो मशीनों में आग लगा दिया है। घटना दंतेवाड़ा के किरंदुल थाना क्षेत्र के पढापुर की यह घटना है। यही नहीं नक्सलियों ने बचेली नगरीय क्षेत्र में भी पुराना मार्केट के पास बैलाडीला ट्रक यूनियन की दस चक्का वाहन में भी आगजनी की। बताया जा रहा है कि नक्सली गृहमंत्री अमित शाह के दौरे का विरोध कर रहे हैं।
बता दें पिछले कुछ दिनों से नक्सलियों द्वारा निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आगजनी की जा रही है। दो दिन पहले बीजापुर में भी नक्सलियों ने निर्माण कार्य में लगे 10 वाहनों को जला दिया था। यहां पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। बुधवार राज को जहां पर नक्सलियों ने आगजनी की वहां पर पर्चे भी फेंके। पर्चे फेंक कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे का विरोध किया है। यह पर्चा नक्सलियों के बस्तर सब जोनल ब्यूरो के द्वारा जारी किया गया है। इसे देखते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री के बस्तर दौरे से पहले यहां की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।




