भिलाई। दुर्ग-भिलाई में सरकारी परिवहन व्यवस्था के तहत 20 ई-बसों को चलाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के पश्चात प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने शनिवार को सिटी ई-बस डिपो का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को डिपो में शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा ई-बस सेवा के सुचारू संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने चार्जिंग स्टेशन, विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित करने, बिल्डिंग पुताई एवं डिपो परिसर से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा शेष कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को डिपो में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सभी जरूरी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि ई-बसों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, दुर्ग निगम आयुक्त लीना कोसम, नगरीय प्रशासन विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, सूडा से अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार सिंह, रिसाली निगम आयुक्त मोनिका वर्मा, भिलाई चरोदा आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत, एस डी एम प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, कार्यपालन अभियंता अरविन्द शर्मा, श्वेता वर्मा, पलाश वैद्य, निर्माण एजेंसी सहित नगर पालिक निगम भिलाई के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




