बिलासपुर Bilaspur. देश और दुनिया में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। लंबे समय से छत्तीसगढ़ में कोरोना से मौतों का सिलसिला थम गया था लेकिन इस बीच एक महिला की मौत की खबर ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। बिलासपुर की महिला का पिछले 10 दिनों से अलग अलग निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 17 मार्च को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 18 मार्च को उसकी मौत हो गई। यहां तक कि महिला का बेटा भी कोरोना संक्रमित है जिसका होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में श्रीराम टावर के पास रहने वाली 43 वर्षीय कोरोना पाजिटिव महिला की मौत हो गई है। महिला की हालत बीते 10 दिनों से गंभीर बनी हुई थी। उसे सर्दी, खांसी, बुखार था। अलग अलग अस्पतालों में इलाज के बाद 16 मार्च को उसे सिम्स के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरी जांच में महिला का ऑक्सीजन लेवल काफी कम पाया गया। इसके बाद उसका आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया। 17 मार्च को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। 18 मार्च को उसकी मौत हो गई। मृतक महिला का 21 वर्षीय बेटा भी कोरोना संक्रमित हो चुका है। उसका इलाज आइसोलेशन में रखकर किया जा रहा है।
महिला की मौत होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को दी। स्वास्थ्य विभाग को जैसे ही जानकारी मिली तो स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत महिला का शव परिजनों को सौंपा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने व्यापार विहार के श्रीराम टावर्स के आसपास के क्षेत्र का सर्वे करने का निर्णय लिया है। वहीं महिला के संपर्क में आने वाले लोगों को भी कोरोना टेस्ट कराने की अपील की गई है।




