रायपुर। राजधानी की पुलिस ने एक बहुत बड़े जालसाजों के गिरोह का खुलासा किया है। शातिर ठग naukri.com से जानकारी खरीदकर युवाओं को झांसे में लेते थे। यहां तक निजी कंपनियों का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तक इशू कर देते थे। इसके जरिए 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी की गई। रायपुर पुलिस ने दिल्ली से पांच ठगों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से 8 एटीएम कार्ड सहित 8 मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार देशभर में इन शातिर ठगों ने देशभर में 100 से अधिक बेरोजगार युवकों को फंसाया है। पुलिस की पूछताछ में इन आरोपियों ने इसकी जानकारी दी। इस संबंध में शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम अभिषेक माहेश्वरी ने बताया कि इस मामले में रोहन टॉक (23) फाजलपुर, मधुविहार दिल्ली, अर्जुन टॉक (34) चंद्र विहार कॉलोनी, मधुविहार दिल्ली, सत्येंद्र तिवारी (24) ज्वालापुरी, पश्चिम विहार दिल्ली, सनी डेडा (26) न्यू अशोक नगर दिल्ली व विकास शुक्ला (27) दिलशाद गार्डन, सीमापुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है।
इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी के नाम पर महिला से की थी ठगी
दरअसल रायपुर पुलिस इन ठगों तक रायपुर की महिला से ठगी के शिकायत के बाद पहुंची। रायपुर की तिरिथ भारद्वाज नाम की महिला को इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 46 हजार की ठगी की थी। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना के दौरान इन शातिर ठगों का पता चला। पकड़े गए पांचों आरोपी दिल्ली में कॉल सेंटर चलाते हैं और सभी पढ़े लिखे युवा हैं। गिरफ्तारी के बाद इन आरोपियों ने बताया कि अब तक 100 से भी ज्यादा लोगों को झांसे में लेकर ठगी कर चुके हैं। आरोपी निजी कंपनियों का फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी कर दते थे। इसी वजह से बेरोजगार इनके झांसे में आ जाते थे। पुलिस को इनके पास से कई कंपनियों के फर्जी सेल और लेटर पैड की कॉपी भी पुलिस के हाथ लगी है।




