भिलाई। दुर्ग पुलिस ने महादेव बुक एप से सट्टा का कारोबार चालाने वाले 11 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। भिलाई के शातिरों ने इस बार अंबिकापुर में अपना अड्डा बना रखा था। पुलिस को मिले इनपुट के बाद टीम ने रेड की और अंबिकापुर के एक मकान से 11 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 7 लैपटॉप,16 मोबाइल फ़ोन, पासबुक, एटीएम व लेनदेन का लेखाजोखा बरामद किया है।
बता दें दुर्ग पुलिस द्वारा महादेव एप से जुड़े सटोरियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। दुर्ग पुलिस अब तक महादेव एप की 21 शाखाओं का भंडाफोड़ कर चुकी है। आईपीसी और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मीडिया के माध्यम से कई चेतावनी व अनुरोध करने के बाद भी भिलाई के युवा अभी भी महादेव बुक एप से जुड़ रहे हैं। इसे देखते हुए जुआ अधिनियम के साथ आईपीसी और आईटी अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
अंबिकापुर में रेड के दौरान पकड़े गए महादेव बुक के सटोरियों में सुपेला निवासी हर्षदीप (19), नवीन चौधरी (19), संतराबाड़ी दुर्ग निवासी फारुख रंगरेज (25), कांदबरी नगर दुर्ग निवासी पीयूष खेत्रपाल (27), फरीद नगर निवासी सद्दाम हुसैन (32), घासीदास नगर जामुल निवासी दीपक कुमार (23), हाउसिंग बोर्ड ईडब्ल्यूएस निवासी अनय शर्मा (20), घासीदास नगर निवासी सुधीर चौधरी (23),जामुल निवासी रोहित सिंह (23), बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी के गौतम (22) व बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी शिवा (22) शामिल हैं।




