दुर्ग। शिवनाथ नदी के महमरा एनिकट पर रविवार को नहाने के दौरान 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था और इस दौरान सभी नहाने उतर गए। नहाने के दौरान बच्चा गहराई में चला गया और डूब गया। इसके बाद साथ आए बच्चे ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव निकाला गया। शव को मरच्यूरी में रखवा दिया गया। सोमवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार सिंधिया नगर निवासी अहिल सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ महमरा एनिकट के पास घूमने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नहाने नदी में उतरे। इस दौरान अहिल सिंह अचानक डूब गया। साथी दोस्तों के शोर मचाने पर स्थानीय मछुआरों ने अहिल को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। कोतवाली थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।




