रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा हाइवे पर बीती रात बड़ा हादसा हो गया। पिकअप व ट्रक की भिडंत में 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में 15 से ज्यादा घायल हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना के बाद मौक पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को मरच्यूरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है पिकअप सवार सभी पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे इसी दौरान यह हादसा हो गया। सीएम भूपेश बघेल ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देररात की है। मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार के खिलोरा से साहू परिवार के सदस्य पिकअप में सवार होकर अर्जुनी गांव गए थे। देर रात वे पिकअप से ही वापस लौट रहे थे। परिवार के सभी लोग पिकअप में सवार हुए। इसमें बच्चे व महिलाएं भी सवार थी। भाटापारा-बलोदाबाजार रोड़ पर खमरिया में DPWS स्कूल के पास पिकअप को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई इनमें से 7 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और चार की मौत जिला अस्पताल में इलाज के दौरन हो गई। मृतकों में जिसमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू का काम शुरू किया। वहीं ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सीएम बघेल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बलौदाबाजार – भाटापारा मार्ग में बीती रात सड़क हादसे में ग्यारह लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस घटना के घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।




