भिलाई। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। यहां के तर्रा गांव में एक ट्रक चालक ने लापरवाही का ऐसा नमूना दिखाया जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। गुरुवार रात करीब 11 बजे की यह घटना बताई जा रही है। तेज रफ्तार ट्रक सीधे मकान में जा घुसी जिससे ट्रक ड्राइवर व हेल्पर की जान तो गई साथ ही मकान में मौजूद एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने रेस्क्यू किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार तर्रा गांव स्थित गोवर्धन प्रसाद यदु पिता दया प्रसाद यदु के मकान में ट्रक क्रमांक सीजी 07 CL 3355 के चालक लापरवाही पूर्वक चलाते हुए घर मे घुसा दिया। हादसे में ट्रक में सवार ड्राइवर व हेल्पर सहित एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर व हेल्पर के शव ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू किया और काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर व हेल्पर के शवों को वाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को पीएम के लिए भेज दिया है। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर नशे में रहा होगा जिससे उसकी ट्रक अनियंत्रित हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




