भिलाई। दुर्ग पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के अपार्टमेंट से ऑनलाइन सट्टा लॉयन बुक-15 के पांच पैनल चला रहे दुर्ग भिलाई व छत्तीसगढ़ के सटोरियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में सोमवार को एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने खुलासा भी किया। इनकी गिरफ्तारी ने दुर्ग पुलिस की मुश्किल बढ़ा दी है। इस मामले में यूपी पुलिस ने बिना जानकारी के कार्रवाई करने को लेकर दुर्ग पुलिस पर धारा 365 के तहत केस दर्ज किया है।
बता दें पुराने पकड़े गए सटोरियों से मिले इनपुट के आधार पर दुर्ग पुलिस व एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की टीम ने ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एलिस्टोनिया अपार्टमेंट सोसायटी से दुर्ग पुलिस ने 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार सटोरियों में लोकेश कलवानी सुंदर बाजार भाटापारा, अभिषेक सिंह शांति नगर भिलाई, विशाल कुशवाहा गणेश नगर, एसीसी जामुल, अंकुश वर्मा संग्राम चौक, कैम्प-1 छावनी, आकाश साहू हार्डवेयर लाइन सुपेला, अंकित कनौजिया शॉप नंबर 8, वैशाली नगर, वैभव सिंह टिकरापारा बिलासपुर, शुभम राव एचएससीएल कालोनी सेक्टर 6 व डी आशीष जोन-1,सड़क 15, खुर्सीपार शामिल हैं। यह सभी लॉयन बुक-15 ब्रांच के पांच पैनल का संचालन कर रहे थे।
अब इस मामले में ग्रेटर नोएडा गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने दुर्ग पुलिस पर बिना सुचना दिए सटोरियों को पकड़ने का आरोप लगाया है। यूपी पुलिस ने इस मामले में दुर्ग पुलिस पर अपहरण की धारा 365 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव का कहना है पुलिस ने विधि अनुसार की कार्रवाई की है। यूपी पुलिस से जो भी नोटिस मिलेगा उसका तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा।




