Durg। कैंसर का इलाज कराने भिलाई पहुंचे बुजुर्ग से लूट हो गई। घटना शुक्रवार बताई जा रही है। प्रार्थी जिस ऑटो में बैठकर हॉस्पिटल जा रहा था उसी का हेल्पर बुजुर्ग को लूटकर फरार हो गया। बताया जा रहा था जिस समय यह घटना हुई तब सड़क से कई लोग गुजर रहे थे लेकिन किसी ने भी बुजुर्ग की सहायता नहीं की। बुजुर्ग ने ऑटो का नंबर नोट कर लिया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने ऑटो हेल्पर के खिलाफ 392 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार पूनम कॉलोनी राजनांदगांव निवासी सुरेन्द्र सिंह (68) शुक्रवार को अपना इलाज कराने पहुंचा था। वह दुर्ग में उतरा और एक ऑटो में बैठकर नेहरू नगर भिलाई स्थित मित्तल हॉस्पिटल के निकला था। इस दौरान बुजुर्ग के पास 35 हजार रुपए रखे हुए थे। ऑटो चालक भिलाई के लिए रवाना हुआ और वाईसेप ब्रिज के ट्राफिक पांईट से ऑटो वापस मुड़ गया और दुर्ग की ओर जाने लगा। तब सुरेन्द्र सिंह ने ऑटो चालक से कहा कि उसे भिलाई जाना है। उसने ऑटो रोका सुरेन्द्र सिंह उतर गया। इस दौरान ऑटो में बैठे हेल्पर उसका बैग व मोबाइल छीन लिया और वहां से भाग गए।




