बिलासपुर. एक डॉक्टर के सूने मकान में लाखों रुपए की चोरी हो गई। चोर सोने-चांदी के गहने के साथ स्कूटी भी साथ उठाकर ले गए। घटना बिलासपुर के क्रांति नगर तारबाहर की है। जहां एक महिला डॉक्टर के सूने मकान में चोरों ने धावा बोला और 2 लाख से अधिक का सामान चोरी कर ले गए। हैदराबाद गई डॉक्टर जब रविवार को अपने घर पहुंचीं तो घटना का पता चला। शिकायत पर तारबाहर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाने पहुंची डॉक्टर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्रांति नगर तारबाहर निवासी वंदना एल्काना पिता जान जैकब (47) डॉक्टर हैं। 7 नवंबर को वह ऑफिस के काम से हैदराबाद गई थीं। सूने मकान का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर से सोने-चांदी के गहने, स्कूटी सीजी 10 एनए 6094, 43 इंच एलईडी टीवी, नगद 10 हजार व घरलेू सामान कीमती लगभग 2 लाख से अधिक का सामान चोरी कर ले गए। 13 नवंबर को वंदना एल्काना घर लौटी तो घटना का पता चला। पीडि़त ने तारबाहर थाने पहुंच कर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। तारबाहर पुलिस अपराध दर्ज कर चोर की तलाश कर रही है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
पीडि़त डॉ. वंदना एल्काना ने पुलिस को बताया कि चोरी की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोर घर से सामान ले जाते साफ-साफ नजर आ रहे हैं। डॉक्टर ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया है।





