भिलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन के बाद खाली हुई भानुप्रतापपुर सीट पर उप चुनाव के लिए कांग्रेस चुनाव समिति ने प्रत्याशी का नाम लगभग तय कर दिया है। दिवंगत नेता मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस अपना प्रत्याशी बना सकती है। बताया जा रहा है कि विधानसभा क्षेत्र से सावित्री मंडावी के नाम पर सभी की सहमति है और औ जल्द ही कांग्रेस इसकी घोषणा भी कर सकती है।
भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशियों की लंगी लिस्ट बनी है। क्षेत्र से कई दावेदारों ने अपना दावा किया है। पार्टी सूत्रों की माने तो चुनाव समिति के सामने पहला नाम सावित्री मंडावी सामने आया और चुनाव समिति की इसमें सहमति भी हो गई है। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सावित्री मंडावी के अलावा राजेंद्र सलाम, जीवन राम ठाकुर, ठाकुर राम कश्यप, धनीराम धुर्वा, विजय ठाकुर, हेमंत कुमार ध्रुव, बीरेश ठाकुर, ललित नरेटी, सुनाराम तेता, राजेश पोटाई, तुषार ठाकुर और अनिता उइके जैसे कई दावेदारों के नाम भी सामने आए। लेकिन कांग्रेस चुनाव समिति द्वारा सावित्री मंडावी के नाम पर ही विचार करने की बात सामने आई है।
जल्द घोषित हो सकता है नाम
सूत्रों के मुताबिक उपचुनाव में कांग्रेस कोई भी रिस्क नहीं लेना चाह रही है। दिवंगत नेता मनोज मंडावी के साथ विधानसभा क्षेत्र की जनता की सहानुभूति भी है। यही नहीं दिवंगत नेता मनोज मंडावी क्षेत्र में जनता के बीच अपनी अचछी पैठ रखते थे। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि कांग्रेस दिवंगत नेता मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को ही अपना प्रत्याशी बनाएगी।





