श्रीकंचनपथ, डेस्क। छठ पर्व पर नाबालिग ने व्रती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। दरअसल महिला ने नाबालिग को पटाखा फोड़ने से मना किया तो उसने यह खौफनाक घटना को अंजाम दिया। घटना बिहार के सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के सोनवर्षा टोला की है। पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर आरोपी नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सोनवर्षा टोला निवासी शीला देवी ने छठ का व्रत रखा था। रविवार शाम को परिवार छठ पूजा की तैयारी में था और व्रती महिला पूजा की तैयारियां कर रही थी। इस दौरान महिला के दरवाजे के पास पड़ोस का रहने वाला 14 साल का लड़का पटाखा फोड़ रहा था। शांति देवी ने लड़के को घर के पास पटाखा फोड़ने से मना किया। इसे लेकर दोनों में बहस हो गई। इसके बाद नाबालिग घर गया और चाकू लेकर आया और महिला पर कई वार किए और वहां से भाग गया।
चाकू के वार से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को परिवार वाले नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए। महिला को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। एक झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। छठ पूजा के दिन गांव में महिला की मौत से लोग सदमे में हैं। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।