दिल्ली. मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री पहली बार रामलीला में टीवी कलाकारों के साथ किरदार निभाते नजर आएंगे। दिल्ली में 10 दिन तक चलने वाली रामलीला में अलग-अलग भूमिका निभाते नजर आएंगे। कोरोना के कारण दो साल बाद दिल्ली के लाल किला मैदान में 26 सितंबर से रामलीला शुरू होगी और दशहरा पर संपन्न होगी। ‘बाहुबलीÓ फिल्म के अभिनेता प्रभास दशहरे पर रावण का पुतला फूंकेंगे। लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला स्थल पर कर्तव्य पथ का मॉडल तैयार किया जाएगा।
देंगे भजन की प्रस्तुति
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मैदान को 75 झंडों से सजाया जाएगा। रामलीला में उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ऋषि वशिष्ठ, जबकि इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ऋषि अगस्त्य की भूमिका निभाएंगे। संसदीय कार्य व संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल भजन की प्रस्तुति देंगे।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी आमंत्रित
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दशहरे के लिए आमंत्रित किया गया है। फिलहाल उनकी तरफ से स्वीकृति का इंतजार है। वहीं, आयोजकों ने बताया कि रामलीला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भगवान राम की तस्वीर लगेगी। इसे राम द्वार नाम दिया गया है। सांसद मनोज तिवारी रामलीला में केवट, अभिनेता असरानी नारद, टीवी अभिनेता निर्भय वाधवा हनुमान और अखिलेंद्र मिश्रा रावण की भूमिका निभाएंगे। मिश्रा को धारावाहिक चंद्रकांता में क्रूर सिंह की भूमिका के लिए याद किया जाता है।
