भिलाई। रायपुर के बूढ़ा तालाब के पास चल रहे हड़ताल में शामिल होने जा रही भिलाई-दुर्ग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को आज सुबह कुम्हारी स्थित खारुन टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोक दिया। कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने विरोध में नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया तो दो घंटे बाद उन्हें रायपुर की ओर जाने दे दिया गया।
शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिए जाने से पहले कलेक्टर दर पर वेतन दिए जाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बूढ़ा तालाब रायपुर में धरना प्रदर्शन कर रही हैं। इस प्रदर्शन में शामिल होने भिलाई-दुर्ग से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं बस व अन्य वाहनों में निकली। सुबह 10 बजे जब वे कुम्हारी पहुंचीं तो टोल प्लाजा पर उनके वाहन को रोक दिया गया। इसका विरोध करते हुए कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने सड़क पर बैठ चक्काजाम कर दिया। आखिरकार 12 बजे के आसपास उन्हें जाने दे दिया गया। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की दुर्ग जिला अध्यक्ष गीता बाग ने बताया कि हड़ताल में सहभागिता देने भिलाई दुर्ग से सात आठ बसों में कार्यकर्ता व सहायिकाएं रायपुर के लिए रवाना हुई। जिन्हें खारुन टोल प्लाजा पर रोक दिया गया। घंटे भर महिलाएं परेशान रही। विरोध में नारेबाजी की गई। तब जाकर उन्हें जाने दिया गया।
