भिलाई. दुर्ग संभाग के कबीरधाम जिले में पुलिस को सार्वजनिक रूप से लोगों से माफी मांगनी पड़ी। इस घटना के बाद से जिले का बोड़ला नगर पंचायत चर्चा में आ गया है। दरअसल यहां गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। पुलिस जवानों ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी झ्ूमा-झपटी का सामना करना पड़ा। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को जवानों ने डंडे चलाना चालू कर दिया। पुलिस की लाठी चार्ज से दोनों पक्ष के लोग भड़क गए। स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर चक्काजाम करते हुए थाने का घेराव कर दिया।
मांगनी पड़ी माफी
प्रदर्शन करने वालों की मांग थी लाठी चार्ज करने वाले पुलिस जवानों को सामने लाएं और टीआई माफी मांगे। इस बीच नायब तहसीलदार शशि नर्मदा नायक भी पहुंचीं। मामले को शांत करने की कोशिश की गई, लेकिन मामला पूरी तरह से राजनीति पार्टी के कब्जे में जा चुका था। इसलिए पुलिस प्रशासन को ही झुकना पड़ा। पुलिस को सार्वजनिक तौर पर लाठीचार्ज के लिए माफी मांगनी पड़ी। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत बोड़ला के लक्ष्मी चौक से विसर्जन घाट के बीच हुई है। एक पक्ष का डीजे बज रहा था, जो दूसरे पक्ष को नागवार गुजरा और कहासुनी मारपीट में बदल गई। सोमवार रात्रि 8.30 बजे मारपीट शुरू हो गई। बीच बचाव में उतरी पुलिस को भी हुड़दंगिंयो ने नहीं बख्शा। उनके साथ भी गली-गलौच कर झूमा झपटी की। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल को भी लाठियां भांजनी पड़ी। फि र क्या था नशे में धुत लोगों ने पुलिस के विरोध में गाली-गलौज करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी। थाने का घेराव कर दिया। इनके द्वारा राजनीतिक पार्टी का धौंस दिखाते हुए पुलिस विभाग के आवासीय परिसर में घुसकर गाली गलौच किया। इसके बाद थाने के भीतर घुसे और आधे घंटे तक तमाशा और नारेबाजी की। इतने में भी मन नहीं भरा तो पीएनबी बैंक के पास मुख्य सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। डेढ़ घंटे नेशनल हाईवे जाम कर दिया।




