रायपुर। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमवीरों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ये मजदूर दिवस बहुत खास हो गया है। मैंने आह्वान किया था कि श्रमिक दिवस के बोरे बासी खाकर हम श्रमिकों का सम्मान करेंगें। आप सबके सहयोग से यह सिद्ध हो गया कि छत्तीसगढ़ी व्यंजन की प्रसिद्धि प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में हो गई है। और इस प्रसिद्धि से गर्व महसूस कर रहा हूं।

वहीं इस अवसर पर मंत्रीगण, विद्यायकगण, निगम मंडल, आयोग के पदाधिकारियो ने श्रम दिवस के अवसर पर एक साथ बोरे बासी खाया। सीएम बघेल ने सुखमय और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि श्रमिक हमारे समाज का अभिन्न अंग और विकास की आधारशिला हैं। सीएम ने कहा एक मई को हर साल हम इन्हीं मेहनतकश लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मजदूर दिवस मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने कामगारों की सामाजिक-आर्थिक खुशहाली के लिए प्रतिबद्धता प्रकट की। कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों सहित सभी जरूरतमंद लोगों के विकास का हरसंभव प्रयास कर रही है।




