वरिष्ठ विधायक वोरा के निवास जाकर माता का लिया आशीर्वाद
दुर्ग । छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत ने गुरुवार को दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के मध्य एवं दक्षिण ब्लॉक के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं एव वरिष्ठ कांग्रेसियों से औचक मुलाकात की व शासन की योजनाओं के विषय मे चर्चा की। महंत सबसे पहले वोरा निवास पहुंचे जिसके बाद उन्होंने दिग्गज कांग्रेसी मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी व विधायक अरुण वोरा की माता श्रीमती शांति वोरा से आशीर्वाद लिया।

वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा के साथ मध्य ब्लाक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद व दक्षिण ब्लाक अध्यक्ष अजय मिश्र के साथ उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से सरकार के कामकाज व संगठन की सक्रियता का फीड बैक लिया। महंत ने कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता से कांग्रेस सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं पूरे उत्साह से कांग्रेस को जीत दिलाने का संकल्प दिलाया।

विधायक वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उन्मुक्त कंठ से तारीफ करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा शासन काल मे दुर्ग शहर विकास से अछूता रहा लेकिन जबसे प्रदेश में बघेल सरकार बनी है तब से अब तक लगभग 700 करोड़ के विकास कार्य दुर्ग शहरी क्षेत्र मे स्वीकृत हुए हैं। सरकार की हर योजना जनभावनाओं के अनुरूप है। वोरा ने अब की बार 75 पार का नारा देकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान शहर कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी एवं बूथ कार्यकर्ता उपस्थित थे।




