नई दिल्ली (एजेंसी)। फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। बता दें कि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद से उन्हें पीजीआई के सामान्य आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। गौरतलब है कि मिल्खा सिंह के जीवन पर एक फिल्म बन चुकी है जिसका नाम है Óभाग मिल्खा भागÓ। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह का किरदार निभाया था। राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनीं इस फिल्म को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। वहीं युवा पीढ़ी इस फिल्म से काफी प्रभावित हुई थी।
बता दें कि मिल्खा सिंह 19 मई को कोरोना संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। हालत में सुधार होने के बाद परिजनों के कहने पर उन्हें घर पर शिफ्ट कर दिया गया था। इस दौरान अमेरिका से उनकी डॉक्टर बेटी चंडीगढ़ आ गई थीं और वही उनका ख्याल रख रही थीं। तीन जून को उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें पीजीआई में दाखिल कराना पड़ा तब से उनका इलाज पीजीआई में चल रहा है। वो धीरे धीरे ठीक होते नजर आ रहे थे। बुधवार को उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई थी और उन्हें आईसीयू से बाहर लाकर कार्डियक सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह उन्होंने कॉफी पी और परिवार के लोगों से बातचीत भी की। हालांकि सुबह नौ बजे के बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी। मिल्खा सिंह की हालत गंभीर होने की सूचना मिलते ही उनका पूरा परिवार पीजीआई पहुंच गया। देर रात तक सभी लोग पीजीआई में थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही सभी दुखी हो गए।13 जून को उनकी पत्नी और पूर्व वॉलीबाल नेशनल कैप्टन निर्मल कौर का निधन हुआ था। अब मिल्खा सिंह भी इस दुनिया से चले गए।




