नई दिल्ली (एजेंसी)। वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। 67 की उम्र में उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े चार बजे उनका निधन हुआ। दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरा रहे।
दुआ को लीवर में संक्रमण के कारण कुछ दिनों पहले परमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 5 दिनों से वह अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। दुआ अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गए हैं। दुआ की पत्नी का इसी साल जून में कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। दुआ भी कोरोना से लड़े थे और इसके बाद से उनका शरीर लगातार कमजोर होता गया। दुआ का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर 12 बजे लोधी श्मशान गृह में किया जाएगा।
मल्लिका दुआ ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, हमारे निर्भीक, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने एक अद्वितीय जीवन जिया, दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से शुरु करते हुए 42 वर्षों तक पत्रकारिता की उत्कृष्टता के शिखर तक बढ़ते हुए, हमेशा सच के साथ खड़े रहे। उन्होंने लिखा, वह अब हमारी मां, उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में है, जहां वे गीत गाना, खाना बनाना, यात्रा करना और एक दूसरे से लडऩा-झगडऩा जारी रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार श्री विनोद दुआ के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। श्री बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि विनोद दुआ भारतीय टी.वी. पत्रकारिता के पुरोधा थे। वे सिर्फ एक पत्रकार नहीं, बल्कि अपने आप में पत्रकारिता का एक संस्थान थे। पत्रकारिता के असंख्य छात्रों ने उनसे प्रेरणा ली, उनकी शैली को अपनाया और सफल हुए। उनके निधन पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। श्री बघेल ने श्री विनोद दुआ के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।




