रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के चार मरीजों की पुष्टि के साथ कोरोना के 5151 नए केस मिले हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा 1454 संक्रमित मिले हैं। वहीं कोरोना से प्रदेश में चार लोगों की जान भी चली गई। छत्तीसगढ़ में अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 23,886 पहुंच गई है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, दुर्ग, जांजगीर-चांपा जिले में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इन जिलों में नाइट कफ्र्यू का भी असर नहीं दिख रहा है। मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना के मरीज मिले है। किसी भी जिले में 10 से कम मरीज नहीं मिले हैं। प्रदेश में चार ओमिक्रॉन के मरीज मिले हैं, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हैं। ओमिक्रॉन के चारों मरीज घर पर थे और सभी स्वस्थ हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश में 5151 नए केस मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा रायपुर में 1454 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद दुर्ग में 950, रायगढ़ में 596, कोरबा में 443, बिलासपुर में 396, जांजगीर-चांपा में 255, राजनांदगांव में 138, सरगुजा में 130, जशपुर में 99, बलौदाबाजार में 86, कांकेर में 78, दंतेवाड़ा में 69, बलरामपुर में 57, कोरिया में 57, बस्तर 53, धमतरी में 40, मुंगेली में 35, बीजापुर में 31 नए केस मिले हैं। प्रदेश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 23,889 हो गई है।
छत्तीसगढ़ में पॉजिटिविटी दर 9.21 पहुंची
मंगलवार को 55 हजार 946 लोगों की जांच की गई। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 7.75 से बढ़कर 9.21 पहुंच गई है। कोरोना संक्रमण से रायपुर में दो, बिलासपुर में एक व रायगढ़ में एक की मौत हुई है। मंगलवार को हॉस्पिटल से 102 लोग डिस्चार्ज हुए तो वहीं 381 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इधर कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश में अब तक 3.27 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के मरीज बढ़े हैं। नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के 4 मरीज की पुष्टि हुई है, जिसमें एक रिपोर्ट मेरी भी है। कोरोना के संक्रमण को रोकने सावधानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें।
होम आइसोलेशन के लिए नए निर्देश जारी
स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे कोरोना संक्रमितों के डिस्चार्ज के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य संचालक नीरज बंसोड़ ने सभी जिलों के सीएमएचओ को पत्र जारी किया है। स्वास्थ्य संचालक ने कहा है कि कोविड-19 के लक्षण वाले या बिना लक्षण वाले मरीज जिनका इलाज एवं स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग होम आइसोलेशन में की जा रही है, उन्हें पॉजिटिव पाए जाने की तिथि से कम से कम सात दिनों में, यदि उन्हें अंतिम तीन दिनों (पांचवें, छटवें और सातवें दिन) में बुखार नहीं हो तो होम आइसोलेशन से छुट्टी दी जा सकती है। डिस्चार्ज के पहले कोरोना जांच की जरूरत नहीं है।




