रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र आखिरकार इस हफ्ते 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं। दरअसल ‘ब्रह्मास्त्र अयान मुखर्जी के ड्रीम प्रोजेक्टस में से एक है। धर्मा प्रोडेक्शन द्वारा निर्मित इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण भी कैमियो रोल में नजर आने वाले हैं। ‘ब्रह्मास्त्र का रिलीज से पहले ही बज बना हुआ है। इस फिल्म को लेकर मेकर्स और अभिनेता खूब प्रचार कर रहे हैं। मेकर्स को उम्मीद है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस के सूखे को खत्म करेगी।

अन्य फिल्मों की तरीके से ब्रह्मास्त्र की एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। एडवांस बुकिंग में कलेक्शन के बेहतरीन आंकड़े सामने आ रहे हैं। जिन्हें देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि ब्रह्मास्त्र के शानदार विजुअल्स ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने का काम किया है। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक तीसरे दिन तक फिल्म की हिंदी में 5.46 करोड़, तेलुगू में 15.45 लाख, मलयालम में 5.62 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है। वहीं तमिल और कन्नड़ में अभी तक क्रमश: एक और आठ टिकटों की बिक्री हुई है। अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र सेंसर बोर्ड से भी पास हो गई है। इसके अलावा ये भी जानकारी सामने आई है कि फिल्म काफी लंबी होने वाली है। इस फिल्म को सीबीएफसी (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) ने यूए सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि फिल्म को 12 साल से ऊपर के सभी दर्शक देख सकते हैं। फिल्म की लंबाई की बात करें तो ब्रह्मास्त्र 166.54 मिनट यानि 2 घंटे, 46 मिनट और 54 सेकंड की होगी। ब्रह्मास्त्र को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में भी रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म को आईमैक्स और आईमैक्स 3डी में भी देखा जा सकता है। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक जिस तरीके से ब्रह्मास्त्र का लोगों के बीच बज बना हुआ है उस हिसाब से ओपनिंग डे पर फिल्म 20 से 25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है।




