पीएम मोदी ने यूपी को दिया होमवर्क, कहा- दीवाली पर नए घर पाने वाले नौ लाख लोग दो-दो दिये जलाएं
लखनऊ (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी लखनऊ पहुंचे। पीएम मोदी ने ‘अमृत महोत्सव’ के तहत केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय और प्रदेश नगर विकास विभाग द्वारा ‘न्यू अरबन इंडिया’ थीम पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 75 हजार लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से चाबी का हस्तांतरण किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी के छह शहरों में मेट्रो योजना का विकास हो रहा है। देश के 100 शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो रहा है। एलईडी लाइट से निकायों के करोड़ों रुपये बच रहे है। बिजली बिल भी कम हुआ है। देश भर में 37 करोड़ बल्ब बांटे गए हैं जिससे 31 हजार करोड़ रुपये की बिजली बिल बचत हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में बिजली आती कम थी जाती ज्यादा थी। नेता जहां चाहते थे वहीं बिजली आती थी। बिजली सुविधा नहीं सियासत का टूल थी पर अब प्रदेश में एक साथ हर जगह बिजली आती है। पर अब प्रदेश विकास के रास्ते पर चल रहा है।
पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजा: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद हमारी सरकार ने घरों के साइज को लेकर भी स्पष्ट नीति बनाई, हमने ये तय किया कि 22 स्क्वायर मीटर से छोटा कोई घर नहीं बनेगा। हमने घर का साइज बढ़ाने के साथ ही पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजना शुरू किया।
पीएम मोदी ने यूपी को दिया होमवर्क, कहा- दीवाली पर नए घर पाने वाले नौ लाख लोग दो-दो दिए जलाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी को होमवर्क किया कि इस दीवाली पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर पाने वाले नौ लाख परिवार अपने घरों में दो-दो दिए जलाएं। वहीं, अयोध्या में भी साढ़े सात लाख दिए जलाएं जाएंगे। मैं सभी से अपील करता हूं कि वो इस रोशनी की स्पर्धा में शामिल हों।
2017 से पहले गरीबों के लिए आवास बनाने के लिए सरकार से मिन्नतें करनी पड़ती थी
उन्होंने बताया कि यूपी में 2017 से पहले गरीबों के लिए आवास बनाने के लिए हमें यहां की सरकार से मिन्नतें करनी पड़ती थी पर योगी जी के आने के बाद यूपी में शहरी गरीबों को नौ लाख घर बनाकर दिए गए हैं। इन घरों में बिजली, पानी, गैस और शौचालय की भी सुविधा है।
50 लाख से ज्यादा घर बनाकर गरीबों को सौंपा: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से हमारी सरकार ने पीएम आवास योजना के तहत शहरों में 1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा घरों के निर्माण की मंजूरी दी है। इसमें से 50 लाख से ज्यादा घर बनाकर, उन्हें गरीबों को सौंपा भी जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे लोग जो मुझ पर आरोप लगाते हैं कि मोदी ने क्या किया है तो मैं आपको बताना चाहता हूं कि पीएम आवास योजना के तहत बने करीब तीन करोड़ घरों के कारण करीब तीन करोड़ लोग इन मकानों के कारण लखपति बन गए हैं।
यूपी ने मुझे संसद पहुंचाया: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज पीएम आवास योजना के तहत जितने घर बना रहा है उसकी संख्या कई देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि जब मैंने बड़े प्रोजेक्ट की बात की तो कुछ लोग आदतन सोचते थे कि यह कैसे हो पायेगा लेकिन आज उनकी सफलता को दुनिया देख रही है। मैं यूपी की जनता का विशेष आभार प्रकट करता हूं कि मुझे देश की जनता की सेवा करने का मौका दिया और मुझे संसद तक पहुंचाया।
अटल जी ने देश को नई दिशा दी
पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ ने अटल जी के रूप में एक विजनरी, मां भारती के लिए समर्पित राष्ट्रनायक देश को दिया है। आज उनकी स्मृति में, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी में अटल बिहारी वाजपेयी चेयर स्थापित की जा रही है। मुझे अच्छा लगा कि 3 दिनों तक लखनऊ में भारत के शहरों के नए स्वरूप पर देशभर के विशेषज्ञ एकत्र होकर मंथन करने वाले हैं। यहां जो प्रदर्शनी लगी है, वो आजादी के इस अमृत महोत्सव में 75 साल की उपलब्धियां और देश के नए संकल्पों को भलीभांति प्रदर्शित करती हैं। मुझे विश्वास है कि ये चेयर अटल जी के विजन, उनके एक्शन, राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को विश्व पटल पर लाएगी। जैसे भारत की 75 वर्ष की विदेश नीति में अनेक मोड़ आए लेकिन अटल जी ने उसे नई दिशा दी।
आवासों में 80 प्रतिशत मालिकाना हक महिलाओं का
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे अच्छा लगा कि भारत के शहरों के स्वरूप पर लखनऊ में आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञ मंथन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां के नागरिकों को भी लगाई गई प्रदर्शनी को देखना चाहिए। पीएम मोदी ने विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रशंसनीय निर्णय है कि पीएम आवास योजना के तहत दिए जाने वाले आवासों में 80 प्रतिशत मालिकाना हक महिलाओं का है।
जब पीएम मोदी गुजरात के सीएम थे तब उन्होंने अर्बन प्लानिंग पर फोकस किया था: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने अर्बन प्लानिंग पर फोकस किया था। भूकंप से तबाह, प्लेग से पीडि़त सूरत शहर की सूरत बदलने में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही, जो आज भी सराहनीय है।




