रायपुर (एजेंसी)। राजधानी रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नर्सिंग की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। छात्रा अपने छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर कथित रूप से खुदकुशी कर ली। रायपुर पुलिस ने बताया कि शहर के आमानाका थाना क्षेत्र में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी दुबे (21 )ने शुक्रवार को फांसी लगाकर कथित रूप से जान दे दी।

एम्स में 2 जुलाई को बीएससी नर्सिंग की परीक्षा देकर साक्षी हॉस्टल के अपने कमरे में चली गई, जब वह रात में खाना खाने के लिए मेस में नहीं पहुंची तब अन्य छात्राएं उसे बुलाने के लिए गई, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। छात्राओं ने खिड़की से भीतर झांका तब उन्होंने देखा कि साक्षी पंखे के सहारे फांसी पर लटक रही है। छात्रावास के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
छात्रा के कमरे से मिला सुसाइड नोट
मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की के कमरे की तलाशी ली, जिसमें एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में छात्रा अवसाद में होने की बात लिखी है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी बरामद किया है जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा साक्षी बिलासपुर जिले की निवासी थी।




