कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कर्ज से परेशान युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उरगा थाना क्षेत्र के बटरामपुर गांव का 22 वर्षीय युवक बाइक की किश्ते जमा नहीं कर रहा था और इसी दबाव में खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि फाइनेंस कंपनी के एजेंट लगातार उसपर दबाव बना रहे थे।
उरगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है। 17 जून को वह उरगा कुछ काम पर गया था। वहां से लौटने के बाद रात करीब 9 बजे वह घर से बिना बताए चला गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसने नहीं उठाया। अगले दिन से परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने उरगा थाना पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। पुलिस ने शंकर के फोन का पता लगाया तो उसका स्थान बटरामपुर के एक खेत के पास मिला। पुलिस टीम और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। खेत में लगे परसा के पेड़ पर शंकर का शव कपड़े के फंदे से लटका हुआ मिला। लापता होने के तीन दिन बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को शव परीक्षण के लिए भेज दिया गया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है। कॉल विवरण और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शव परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के लोगों ने बताया कि युवक पर कर्ज का दबाव था।




