नई दिल्ली (एजेंसी)। अगर आपकी बाइक या कार पर कोई जाति सूचक शब्द लिखा है, तो इसे तुरंत हटा दें वरना आपकी गाड़ी सीज हो सकती है। दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार वाहनों पर जाति सूचक शब्दों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए तैयार है। सरकार वाहनों पर जातिसूचक स्टीकर या शब्द लगे होने पर गाड़ी को सीज कर सकती है। इसके अलावा वाहन मालिक को भारी चालान भी भरना पड़ सकता है। यानी अगर आपकी गाड़ी पर खान, यादव, क्षत्रिय, पंडित, जाट जैसे कोई भी जातिसूचक नाम लिखा है, तो ट्रैफिक पुलिस आपके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
दरअसल मोटर वाहन एक्ट के मुताबिक नंबर प्लेट पर अगर नंबर के अलावा कुछ भी लिखा है, तो परिवहन विभाग ऐसे वाहन और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।

क्या है असल परेशानी?
परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नंबर प्लेट पर जातिसूचक शब्द या स्लोगन लिखने के कारण ऑनलाइन चालान करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा इन गाडिय़ों को ट्रेस करना भी मुश्किल होता है। आसान भाषा में समझें तो वाहनों के नंबर प्लेट पर लिखे अक्क्षर वैसे ही छोटे-छोटे होते हैं। ऐसे में स्लोगन के कारण ऑनलाइन चालान और ट्रैफिक पुलिस की तरफ से फोटो खींचने के बाद चालान की प्रक्रिया में काफी परेशानी आती हैं।
इसके अलावा केंद्र सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसमें कहा गया था कि देशभर में वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने का प्रचलन बहुत ज्यादा है। इन गाडिय़ों पर लिखे जातिसूचक शब्द का मकसद दूसरी जातियों को कम दिखाने का होता है। यह एक आदर्श समाज के लिए सही नहीं है। इसी शिकायत के बाद प्रधानमंत्री ऑफिस से उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिख कर इसे बंद करने का निर्देश दिया गया है।




