रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं के स्वागत को भाजपा ने मुद्दा बना दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक खास किस्म की माला पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा से संबंधित कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में इस माला को सोने की माला होने का दावा करते हुए सरकार पर हमला किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पलटवार किया और इनको करारा जवाब भी दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो जारी कर इस माला को बनते हुए दिखाया। यह माला बांस व घास से बनाई जा रही है। छत्तीसगढ़ के कलाकारों की अद्भूत कला को उन्होंने प्रदर्शित किया। यहीं नहीं उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि झूठ बोलो, बार-बार झूठ बोलो, जितना जोर से बोल सकते हो, उतना बोलो। इस सूत्र पर चलने वाले इस अनमोल तोहफे का भी अपमान कर रहे हैं, साथ ही प्रकृति पुत्रों/पुत्रियों की कला और छत्तीसगढ़ की संस्कृति का भी। आखिर छत्तीसगढ़ के लोगों और यहां की संस्कृति से भाजपा को इतनी नफरत क्यों है?




