लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कमल रानी वरुण का रविवार को निधन हो गया। 18 जुलाई को वह कोरोना से संक्रमित पाई गई थी। उनका इलाज यूपी की राजधानी लखनऊ के एसजीपीआई अस्पताल में चल रहा था। रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस लीं। उत्तर प्रदेश में किसी मंत्री की कोरोना से यह पहली मौत है। कमल रानी वरुण योगी सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री थीं। राज्यमंत्री कमल रानी वरुण की तबीयत खराब होने के बाद उनका सैंपल जांच के लिए सिविल अस्पताल में भेजा गया था। 18 जुलाई को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। जहां आज उनकी मौत हो गई।

कमल रानी के निधन से समाज को बड़ी क्षति: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गंभीर संवेदना व्यक्त की। योगी ने कहा कई दिनों से प्रदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एसजीपीजीआई में उनका उपचार चल रहा था। वह कोरोना वायरस संक्रमित थीं। आज सुबह उनका दु:खद निधन हुआ।
यूपी में कोरोना केस 36,000 के हुए पार
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रदेश में शनिवार शाम तक 24 घंटे में कोरोना के 3 हजार 840 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इन 24 घंटों में 47 लोगों की मौत हुई। अब प्रदेश में ऐक्टिव मामलों की संख्या 36 हजार 37 पहुंच गई है। वहीं, अबतक कुल 1 हजार 677 लोगों की इस महामारी की वजह से मौत हुई है।




