रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगा रहे दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। दरअसल जब मजदूर काम कर रहे थे तब पैनल का सामान हाईटेंशन लाइन से टकराया और तेज झटका लगा। इससे दो मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर बाल बाल बच गया। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 3 मजदूर प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगा रहे थे। पैनल उठाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों और तीसरे मजदूर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




