भिलाई। छवनी व जामुल पुलिस ने नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को पुलिस यूपी के आगरा से पकड़कर लाई। वहीं दूसरा आरोपी भिलाई रहकर लुकाछिपी कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहल मामले में नाबालिग की मां द्वारा थाना छावनी में 28 नवंबर 2022 को घटना की रिपोर्ट कराई गई। मामले की जांच के दौरान 7 दिसंबर 2022 को नाबालिग की मां ने फिर से शिकायत दर्ज कराई थी। मां ने सोनू दीवान नाम के युवक का नाम भी बताया। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद सोनू दीवान की मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया गया। मोबाईल नंबर के आधार पर आरोपी का लोकेशन फतेहपुर सिकरी (आगरा) मिला। इसके बाद एक टीम आगरा पहुंची और आरोपी आदित्य उर्फ सोनू दीवान को गिरफ्तार कर ले आई। इस मामले में पुलिस ने 363, 366, 376, 376 (2) (एन.) 4, 6 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार दूसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। क्षेत्र की नाबालिग गुमशुदा की रिपोर्ट उसकी मां ने 8 मार्च 2022 को करवाई थी। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग को विजय जोशी नाम के युवक द्वारा शादी का प्रलोभन देकर अपहरण किया गया। अपहरण के बाद नाबालिग का दुष्कर्म कर उसे छोड़ दिया। इस घटना के बाद लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान वह लगातार लुक छिपकर बचने का प्रयास करता रहा। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376 व 4 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।





